
नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए थे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स 276.97 अंक यानी 0.53 प्रतिशत बढ़ कर 52,485.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,489.72 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 251.68 अंक यानी एक प्रतिशत उछल कर 25,373.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 285.57 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ 52,770.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,868.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,509.64 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,629.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 182.50 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,630.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 382.59 अंक यानी 0.89 प्रतिशत उछल कर 45,502.34 अंक के स्तर पर पहुंचे हुए हैं। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,626.43 अंक के स्तर पर और हैंग सेंग इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की छलांग लगा कर 25,919 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 675.02 अंक यानी 1.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 63,687 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स से 0.59 प्रतिशत टूट कर 3,809.65 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 307.29 अंक यानी 4.66 प्रतिशत फिसल कर 6,288.16 के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.28 प्रतिशत लुढ़क कर 5,612.99 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,220.62 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक