
बेंगलुरु, 03 अगस्त (हि.स.)। कर्नाटक मंत्रिमंडल के विस्तार से ठीक पहले कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रियों की सूची में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने संशोधित सूची जारी करते हुए कारवार विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंकाल वैद्य का नाम हटाकर दावणगेरे उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एस.एस. मल्लिकार्जुन को मंत्रिमंडल में शामिल किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कर्नाटक मंत्रिमंडल विस्तार के लिए 20 मंत्रियों के नामों को मंजूरी दी। इससे पहले एआईसीसी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को स्वीकृत सूची भेजी थी। हालांकि बाद में पार्टी ने संशोधित सूची जारी कर उसमें बदलाव किया।
संशोधित सूची के अनुसार, जिन नेताओं को मंत्री बनाए जाने की मंजूरी दी गई है, उनमें पीएम नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगडगी, रुद्रप्पा लमानी, के.एस. बसवंथप्पा, बी. नागेंद्र, टी. रघुमूर्ति, बी.जेड. जमीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, पुत्तरंगशेट्टी, डॉ. अजय सिंह, एन. चालुवराय स्वामी, के.एम. शिवलिंगे गौड़ा, एच.सी. बालकृष्ण, गायत्री शांतेगौड़ा, बसवराज रायरेड्डी, विजयानंद कशप्पनावर, लक्ष्मण सवदी तथा एस.एस. मल्लिकार्जुन शामिल हैं।
कर्नाटक मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम करीब चार बजे बेंगलुरु स्थित लोक भवन में आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा कांग्रेस हाईकमान ने कर्नाटक विधानसभा और विधान परिषद के प्रमुख पदों पर नियुक्तियों को भी मंजूरी दी है। इसके तहत जी.एस. पाटिल को विधानसभा अध्यक्ष, ए.एस. पोनन्ना को उपाध्यक्ष, सलीम अहमद को विधान परिषद का सभापति तथा उमाश्री को विधान परिषद का उपसभापति नियुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.