नेपाल में सुनसरी व अन्य इलाकों से हटा कर्फ्यू

युगवार्ता    03-Aug-2026
Total Views |
नेपाल के प्रभावित जिलों का जनजीवन सामान्य


काठमांडू, 03 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के कुछ जिलों में साम्प्रदायिक दंगे के बाद लगाए गए कर्फ्यू को आज से पूरी तरह हटा लिया गया है जिसके कारण अब दंगा प्रभावित क्षेत्रों का जनजीवन अब सामान्य हो गया है।

सुनसरी जिले में दो और सिरहा जिले में एक युवक की मौत के बाद गुरुवार से ही क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति थी। गृह मंत्री सूदन गुरुंग और पीड़ित परिवार के बीच शुक्रवार को हुए लिखित समझौते के बाद स्थिति सामान्य होने लगी थी हालांकि सोमवार सुबह से सभी जिलों से कर्फ्यू को पूरी तरह हटा लिया गया है।

गृह विभाग ने बताया कि धनुषा, सिरहा और सप्तरी के कुछ हिस्सों में स्थानीय प्रशासन द्वारा लगाया गया कर्फ्यू हटा लिया गया है। सार्वजनिक परिवहन फिर से शुरू हो गया है और प्रभावित क्षेत्रों में बाजार खुल गए हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवहन सेवाएं बहाल कर दी गई हैं और दैनिक जीवन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। संबंधित जिला प्रशासनों ने सूचना जारी कर जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags