लगातार चौथे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 2.98 लाख करोड़ का फायदा

युगवार्ता    03-Aug-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर प्रस्तावित अभी तक के सबसे बड़े हमले को टालने का ऐलान करने, पश्चिम एशिया में एक बार फिर शांति समझौते की उम्मीद बनने और कच्चे तेल की कीमत में पांच प्रतिशत से भी अधिक की गिरावट आने की वजह से दुनिया भर के ज्यादातर शेयर बाजार में आज रौनक का माहौल बना रहा। ग्लोबल ट्रेंड के मुताबिक ही घरेलू शेयर बाजार में भी आज लगातार तेजी बनी रही, जिसके कारण भारतीय शेयर बाजार आज लगातार चौथे कारोबारी दिन मजबूती के साथ बंद हुआ।

बाजार के उत्साह का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि सेंसेक्स इंट्रा-डे में 800 अंक से अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी भी 390 अंक से अधिक की छलांग लगाने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली के सपोर्ट से इन दोनों सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.70 प्रतिशत और निफ्टी 1.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 788.70 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,883.34 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 386 अंक टूट कर 78,497.34 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में दोबारा तेजी आ गई। बाजार में पूरे दिन उत्साह के साथ कारोबार होता रहा। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगते रहे। मुनाफा वसूली की इस कोशिश के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 250 अंक से अधिक फिसल कर 544.39 अंक की बढ़त के साथ 78,639.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 189.10 अंक यानी 0.78 प्रतिशत उछल कर 24,572.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 57.55 अंक टूट कर 24,515.15 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में दोबारा तेजी आ गई। खासकर, आज का कारोबार खत्म होने के पांच मिनट पहले इस सूचकांक ने जबरदस्त छलांग लगाई, जिसकी वजह से निफ्टी 390.70 अंक की मजबूती के साथ 24,774.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ कारोबार करते हुए नजर आए। आईटी सेक्टर के शेयरों की आज जम कर खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 3.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह जोरदार खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का बैंक इंडेक्स 1.72 प्रतिशत चढ़ गया, जबकि ऑटो इंडेक्स 1.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके अलावा कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 490.41 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 487.43 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.98 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,595 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,837 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,552 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 206 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में 3,031 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,175 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 856 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त के साथ और नौ शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 44 शेयर हरे निशान में और छह शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ग्रासिम इंडस्ट्रीज 5.13 प्रतिशत, टीसीएस 4.57 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एविएशन 4.43 प्रतिशत, इंफोसिस 4.42 प्रतिशत और श्रीराम फाइनेंस 4.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अपोलो हॉस्पिटल 1.53 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 1.36 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.59 प्रतिशत, ओएनजीसी 0.22 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags