शाहबाद डेयरी: बाथरूम में मिला 22 वर्षीय महिला का शव, हत्या का मामला दर्ज

युगवार्ता    30-Aug-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र स्थित प्रह्लादपुर बांगर गांव में शनिवार को एक घर के बाथरूम से 22 वर्षीय महिला का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार पति की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के भाई मोहम्मद गुलाब ने अपने बयान में कहा कि उसकी बहन का विवाह करीब दो साल पहले मोहम्मद लालबाबू से हुआ था और वे प्रह्लादपुर बांगर में रह रहे थे। जब वह बहन के घर पहुंचा तो सविला मृत पाई गई जबकि उसका पति और बच्चा वहां से गायब थे।

पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त को प्रह्लादपुर बांगर स्थित मकान संख्या एच-416 में एक महिला की मौत से संबंधित सूचना मिली थी। उनकी टीम जब मौके पर पहुंची तो घर के बाथरूम में महिला का शव पड़ा मिला। मृतका की पहचान 22 वर्षीय सविला खातून (पत्नी मोहम्मद लालबाबू) के रूप में हुई है। वारदात के बाद से महिला का पति और उसका बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहिणी स्थित बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

फिलहाल पुलिस आसपास के पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है तथा फरार पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags