मध्य प्रदेश के ओरछा में भाजपा का महामंथन शुरू, 14 वर्ष के बाद जुटेंगे पार्टी के 350 दिग्गज

युगवार्ता    30-Aug-2026
Total Views |
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहुंचे ओरछा


ओरछा पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत


ओरछा में प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल


- मिशन 2028-29 और बूथ मजबूती पर होगा दो दिन विचार-विमर्श

भोपाल/निवाड़ी, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिला स्थित पवित्र नगरी ओरछा में 14 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक महामंथन शुरू हो गया है। रविवार सुबह 10 बजे से होटल राजमहल में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की उच्चस्तरीय बैठक का आगाज हो चुका है। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के लगभग 350 प्रमुख प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

इस दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्य ध्येय संगठन को जमीनी स्तर पर अभेद्य बनाना, बूथ सशक्तीकरण को नई गति देना और आगामी मिशन 2028-29 की चुनावी तैयारियों का ठोस रोडमैप तैयार करना है। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के 106 अधिकृत सदस्यों के अलावा सांसद, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल होंगे। रविवार को चित्रकूट में अपना दौरा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधे ओरछा पहुंचे।

तिलक लगाकर हुआ स्वागत

इधर, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण सिंह, वीडी शर्मा, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और रामेश्वर शर्मा जैसे तमाम शीर्ष नेताओं का भी ओरछा पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। इस बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और संगठन महामंत्री अजय जामवाल जैसे रणनीतिकार भी पूरी कार्यसमिति का मार्गदर्शन करने के लिए मौजूद रहेंगे।

नेताओं ने संगठनात्मक ऊर्जा का दिया संदेश

सम्मेलन के दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं ने रामराजा सरकार ओरक्षा की भूमि से संगठनात्मक ऊर्जा का संदेश दिया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी के भावी कार्यों को गति देने के लिए रामराजा सरकार की पावन नगरी से बेहतर कोई स्थान नहीं हो सकता। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान श्रीराम को राजा और ईश्वर दोनों रूप में नमन करते हुए कहा कि रामराज्य की स्थापना ही भाजपा का अंतिम लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनने की ओर अग्रसर है, जबकि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों रामराज्य की संकल्पना साकार हो रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस अवसर को सौभाग्य बताते हुए उम्मीद जताई कि इस मंथन से आने वाले समय के लिए दूरगामी नीतिगत फैसले और कार्यशैली में सुधार के ठोस परिणाम निकलेंगे।

नरोत्तम मिश्रा ने गुटबाजी से किया इनकार

पार्टी के भीतर चल रही विभिन्न अटकलों पर विराम लगाते हुए पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा में गुटबाजी या नेतृत्व परिवर्तन जैसी तमाम बातें पूरी तरह काल्पनिक और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन पूरी एकजुटता के साथ चट्टान की तरह मजबूत है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।

संगठनात्मक मजबूती और विस्तार पर फोकस

कार्यसमिति का मुख्य ध्यान संगठनात्मक मजबूती और विस्तार पर केंद्रित है। इसमें बूथों को ज्यादा से ज्यादा सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को व्यवहारिक और प्रभावी बनाने तथा 'विकसित भारत 2047' के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के उपायों पर गहन विचार-विमर्श चल रहा है। इसके साथ ही 'समरसता का संकल्प' विषय के अंतर्गत समाज के सभी वर्गों को पार्टी संगठन और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है।

'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण

दो दिवसीय कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत ध्वजारोहण और प्रदर्शनी के भव्य उद्घाटन के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे सभी उपस्थित नेताओं और प्रतिनिधियों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। तय कार्यक्रम के अनुसार शाम के समय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद देर रात सभी वरिष्ठ नेता एवं अतिथि रामराजा सरकार के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लेंगे। इसके अगले दिन यानी 31 अगस्त को 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें सेवा, सुशासन और संगठन विस्तार के भावी कार्यक्रमों का अंतिम खाका तैयार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Tags