

लखनऊ, 30 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ छावनी के दिलकुशा लॉन परिसर में 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने छावनी क्षेत्र के प्रमुख बाजारों के अंग्रेजी नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महान विभूतियों के नाम पर रखने की घोषणा की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि बाजारों के नाम बदलना महज औपचारिकता नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य भावी पीढ़ी को देश के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और विभूतियों के जीवन से प्रेरणा दिलाना है। उन्होंने बताया कि छावनी क्षेत्र के कई बाजारों का नामकरण वीरांगना ऊदा देवी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसी महान हस्तियों के नाम पर किया गया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि छावनी में शुरू की जा रही 14 परियोजनाएं केवल विकास कार्य नहीं हैं, बल्कि इनमें बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार, स्वच्छ पेयजल, महिला सशक्तिकरण और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अब छावनी क्षेत्र के लोगों को अपने आवास में आवश्यक बदलाव और निर्माण के लिए भी अनुमति प्रदान की जा रही है।
उन्होंने लखनऊ के तेजी से हो रहे विकास का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। राजनाथ सिंह ने शहर में बेहतर जल आपूर्ति, शिक्षा, खेलकूद और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का कद लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं था। प्रदेश में अव्यवस्था, अभाव और अराजकता का माहौल था, लेकिन अब राज्य इन परिस्थितियों से उबर चुका है और तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण के कार्य शुरू होने और उत्तर प्रदेश में पांच डिफेंस कॉरिडोर विकसित किए जाने का श्रेय केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के समन्वय से लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, भारतीय रक्षा संपदा सेवा की महानिदेशक शोभा गुप्ता, मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता तथा रक्षा संपदा मध्य कमान की प्रधान निदेशक भावना सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह