स्वयंसेवकों के मन में केवल डॉ. हेडगेवार थे, तभी आज 90 हजार शाखाएं हैं : डॉ. कृष्ण गोपाल

युगवार्ता    30-Aug-2026
Total Views |
मंच पर विषय रखते हुए सह सरकार्यवाह डॉ कृष्ण गोपाल


वाराणसी, 30 अगस्त (हि. स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने रविवार को वाराणसी में कहा कि डाॅ. हेडगेवार ने पहली शाखा शुरू करने के बाद बच्चों को स्वयंसेवक के रूप में तैयार कर देश के कोने-कोने में भेजा था। देश के कोने-कोने में गए स्वयंसेवकों के मन में केवल डॉ. हेडगेवार थे, तभी आज नब्बे हजार शाखाएं हैं। आज प्रोफेसर, इंजीनियर भी संघ को दो घंटे दे रहे हैं। सौ वर्ष की यात्रा में संघ के कार्य का विरोध भी हुआ। बावजूद आज भी सौ वर्ष के बाद भी मजबूती से संघ कार्य चल रहा है।

संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल वाराणसी में चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल के सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी महानगर की प्रमुख जन संवाद संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि हर राष्ट्र का मौलिक तत्व होता है, हमारे देश का भी मौलिक तत्व है। हजारों वर्ष पहले ऋषियों ने बताया कि ईश्वर है। सर्वे भवन्तु सुखिन: का हमारा मत है। भारत के लोगों ने कभी किसी देश में जाकर उसे लूटा नहीं है। यह भारतीय दर्शन ही बाद में हिंदू दर्शन हुआ।

सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि संघ की सौ वर्ष की यात्रा बहुत राेचक है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के बीच में शिव मंदिर है, जिसके मुख्य द्वार पर एक श्लोक लिखा है, जिसमें हिन्दू के नाम को ऊपर रखा गया है तो क्या महामना मदनमाेहन मालवीय ने बिना विचार किए हुए यह लिखवाया था। वह हिंदू के पक्षधर रहे। डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि भारत के लोग बड़े-बड़े उद्यमी थे, इसे विदेशी लेखक ने लिखा है। ऐसा भारत पराधीन हो गया। यहां अकाल में बहुत सारे लोग मर रहे थे। डाॅ. हेडगेवार ने तभी सोचा कि यहां के राजा एक होकर लड़ेंगे तो हम जीतेंगे। यहां का नागरिक देशभक्त बनेगा, तभी देश गौरवशाली होगा। उन्होंने तभी कहा था, हजारों वर्ष पुराना भारत जो था, वह वापस लाएंगे। उस समय बच्चों को लेकर एक शाखा शुरू की गई। जो बाद में देशभक्ति का स्थान बन गई।

सह सरकार्यवाह ने कहा कि संघ ने विद्या भारती संगठन खड़ा किया। जहां हजारों बच्चे देशभक्त के रूप में तैयार हो रहे हैं। इसी तरह भारतीय मजदूर संघ खड़ा हुआ, जो देशभक्त श्रमिक संगठन है। सेवा भारती का कार्य भी शुरू हुआ है, जो समाज के मन को बदल रहा है। संघ के सौ वर्ष की यात्रा में हर क्षेत्र में संगठन तैयार हुए।

इससे पहले संगोष्ठी की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम से हुआ। संगोष्ठी में प्रांत प्रचारक रमेश, सह प्रांत प्रचारक सुनील, सह प्रांत कार्यवाह प्रो. राकेश तिवारी, विभाग संघचालक जयप्रकाश, विभाग प्रचारक नितिन, महानगर प्रचारक आशीष, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश कपूर, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत चतुर्वेदी, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित सैकड़ों संघ कार्यकर्ताओं व मातृशक्तियाें की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Tags