असम के सोनापुर सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई सात

युगवार्ता    31-Aug-2026
Total Views |
Image Related to the Tragic Truck-Traveller Collision In Guwahati Outskirt.


गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। असम के सोनापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। रविवार रात एक ट्रैवलर बस और मालवाहक ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया।

ताजा जानकारी के मुताबिक, हादसे में मृत सात लोगों में से तीन शव गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में रखे गए हैं। वहीं, तीन शव सोनापुर के अस्पताल और एक शव कोस्मो अस्पताल में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा खेेत्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत मयहांग और भूरागांव के बीच तेतेलिया के पास हुआ। गुवाहाटी की ओर जा रही ट्रैवलर बस (एएस-01एचसी-0716) डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा से आ रहे मालवाहक ट्रक (एएस-07बीसी-4271) से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

लोगों के मुताबिक, नगांव से गुवाहाटी की ओर जा रही ट्रैवलर बस का एक टायर सड़क पर बने गड्ढे में पड़ने के बाद फट गया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags