ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले बीसीसीआई ने अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए लगाए विशेष ट्रेनिंग कैंप

युगवार्ता    31-Aug-2026
Total Views |
ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले बीसीसीआई ने अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए लगाए विशेष ट्रेनिंग कैंप


बेंगलुरु, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले अंडर-19 पुरुष क्रिकेटरों की तैयारियों को धार देने के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में विशेष प्रशिक्षण शिविरों की श्रृंखला पूरी कर ली है।

इन शिविरों में देशभर से चुने गए युवा विकेटकीपर, स्पिन गेंदबाज और तेज गेंदबाज शामिल हुए। खिलाड़ियों ने विशेषज्ञ कोचिंग स्टाफ की निगरानी में अपनी बुनियादी तकनीक को मजबूत करने के साथ-साथ खेल से जुड़ी बारीकियों पर काम किया।

बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए विकेटकीपिंग, स्पिन और तेज गेंदबाजी के अलग-अलग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता को निखारना और उन्हें भविष्य में मिलने वाले अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना था।

सीओई के फील्डिंग कोच दिशांत याग्निक और स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते नजर आए। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी कमजोरियों पर काम करने के साथ कौशल में सुधार पर ध्यान दिया।

बेंगलुरु स्थित सीओई में इस समय विभिन्न गतिविधियां चल रही हैं। चोट से उबर रहे पुरुष और महिला क्रिकेटरों के पुनर्वास के अलावा वरिष्ठ पुरुष खिलाड़ियों के लिए लक्षित शिविर और प्री-सीजन फिटनेस परीक्षण भी आयोजित किए जा रहे हैं।

भारतीय अंडर-19 टीम को सितंबर में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। मुकाबले 18, 21 और 23 सितंबर को राजकोट में होंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो बहुदिवसीय मुकाबले भी खेले जाएंगे।

सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम में लेग स्पिन ऑलराउंडर आर्यवीर सहवाग और विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ को भी शामिल किया गया है। उत्तराखंड के बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी वनडे टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि मध्य प्रदेश के यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। बहुदिवसीय मुकाबलों में दोनों खिलाड़ी अपनी भूमिकाएं आपस में बदलेंगे।

पहला बहुदिवसीय मैच 27 सितंबर से राजकोट में और दूसरा 05 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम 'बी' ग्राउंड में खेला जाएगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags