खरगे के ‘शुद्धिकरण’ मामले में राहुल के खिलाफ प्राथमिकी पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

युगवार्ता    31-Aug-2026
Total Views |
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश।


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर कथित छुआछूत और अपमान के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग करने वाले राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई, लेकिन खरगे के खिलाफ कथित भेदभाव करने वालों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।

रमेश ने सोमवार को एक्स पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दलितों के साथ हो रहे अन्याय, अपमान और भेदभाव का मुद्दा उठाया था। उन्होंने उत्तराखंड में खरगे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर किए गए छुआछूत और अपमान का मुद्दा भी उठाया तथा इसमें शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार को राहुल गांधी की ओर से न्याय की मांग करना बर्दाश्त नहीं हुआ। यही कारण है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, जबकि राहुल के खिलाफ अगले ही दिन एफआईआर दर्ज कर दी गई। यह उस सोच को दिखाता है जिसके सामने डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान सबसे बड़ी दीवार है।

रमेश ने कहा कि यह सब मुद्दे से ध्यान भटकाने और आवाज दबाने की कोशिश है। खरगे के खिलाफ शुद्धिकरण के नाम पर छुआछूत और अपमान करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय से कम कुछ भी मंजूर नहीं है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags