

नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद जारी राहत एवं बचाव अभियान के बीच भारतीय तकनीकी टीम ने सुरंगों में फंसे लोगों की तलाश के प्रयास तेज कर दिए हैं। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि भारतीय सुरंग बचाव दल ने नेपाली सेना के साथ समन्वय कर चिलिमे और लांगटांग, दोनों स्थानों पर अभियान चलाया।
राजदूत ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि खराब मौसम और चिलिमे में कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय टीम सुरंग तक पहुंचने में सफल रही। टीम ने सुरंग के भीतर सुरक्षा रस्सियां लगाकर सुरक्षित रास्ता तैयार किया है, जिससे आगे के बचाव अभियान को गति दी जा सके।
वहीं, लांगटांग में भारतीय तकनीकी दल ने नेपाली सुरक्षा बलों के साथ मिलकर सुरंग के भीतर करीब 185 मीटर तक जांच की। टीम ने प्रभावित इलाकों की स्थिति का आकलन करते हुए आगे बचाव कार्य के लिए जरूरी तैयारियां भी की हैं।
राजदूत ने कहा कि बचाव अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा। भारतीय टीम नेपाली सेना और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर सुरंगों में संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश और सुरक्षित निकासी के प्रयास कर रही है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय