नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से हुई मौतों पर बांग्लादेश की संसद में जताया गया शोक

युगवार्ता    31-Aug-2026
Total Views |
बांग्लादेश संसद


काठमांडू, 31 अगस्त (हि.स.)। बांग्लादेश की संसद ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से शोक प्रस्ताव पारित किया है। शोक प्रस्ताव में मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की गई है।

प्रस्ताव पर चर्चा के बाद बांग्लादेश की संसद ने इसे सर्वसम्मति से पारित किया। मृतकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सांसदों ने सदन में एक मिनट का मौन रखा। इसके बाद दिवंगत आत्माओं की चिर शांति के लिए प्रार्थना की गई। प्रार्थना का संचालन बांग्लादेश के धार्मिक मामलों के मंत्री काजी शाह मोफज्जल हुसैन ने किया।

इस बीच, बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने भी नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण हुई भारी मानवीय क्षति पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया। स्पीकर अहमद ने एक शोक संदेश जारी कर शोक संतप्त नेपाली परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की दिवंगत आत्माओं की चिर शांति की कामना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags