चाइना मास्टर्स के पहले दौर में विश्व चैंपियन लानियर से भिड़ेंगे लक्ष्य सेन, तानवी-उन्नति-देविका पर भी नजर

युगवार्ता    31-Aug-2026
Total Views |
भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। हाल ही में संपन्न विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुरुआती दौर से बाहर होने की निराशा को पीछे छोड़ते हुए भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन मंगलवार से शुरू हो रहे चाइना मास्टर्स सुपर 750 में दमदार वापसी करना चाहेंगे। हालांकि, विश्व नंबर-13 लक्ष्य के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत ही बेहद मुश्किल चुनौती से होगी, क्योंकि पहले दौर में उनका सामना नवनिर्वाचित विश्व चैंपियन एलेक्स लानियर से होगा।

विश्व चैंपियनशिप में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद लक्ष्य का इस साल प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई, जबकि चार अन्य प्रतियोगिताओं में क्वार्टर

फाइनल तक पहुंचे हैं।

श्रीकांत के सामने चीनी ताइपे के ची यू-रेन

पूर्व विश्व नंबर-1 किदांबी श्रीकांत भी टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती पेश करेंगे। हाल ही में यूएस ओपन सुपर 300 में उपविजेता रहे श्रीकांत का राउंड ऑफ 32 में सामना चीनी ताइपे के ची यू-रेन से होगा।

सात्विक-चिराग की भी होगी परीक्षा

पुरुष युगल में चौथी वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पहले दौर में चीन की हू के युआन और लिन शियांग यी की जोड़ी से भिड़ेगी। चीनी जोड़ी ने इस सत्र में ऑरलियन्स मास्टर्स का खिताब जीता है। सात्विक और चिराग ने इस साल सिंगापुर ओपन का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन विश्व चैंपियनशिप में वे तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ सके थे। वहीं, हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन का सामना जापान के आठवीं वरीयता प्राप्त और 2021 के विश्व चैंपियन ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगा।

महिला एकल में युवा खिलाड़ियों पर नजर

महिला एकल में भारत की युवा खिलाड़ी उन्नति हुड्डा, तानवी शर्मा और देविका सिहाग चुनौती पेश करेंगी। ताइपे ओपन में जुलाई के अंत में तीसरे स्थान पर रहने वाली उन्नति का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान यू से होगा। ताइपे ओपन का खिताब जीतने वाली तानवी डेनमार्क की अमाली शुल्ज के खिलाफ उतरेंगी। देविका सिहाग का मुकाबला बुल्गारिया की कालोयाना नालबांतोवा से होगा। 21 वर्षीय देविका थाईलैंड मास्टर्स सुपर 300 का खिताब जीतकर चाइना मास्टर्स में पहुंची हैं और उनका आत्मविश्वास काफी ऊंचा होगा।

मिश्रित युगल में भी भारतीय चुनौती

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी थाईलैंड की टोंकिड और टोंरुग साएहेंग की जोड़ी से भिड़ेगी। वहीं रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे का सामना चीनी ताइपे के वू गुआन शुन और ली चिया हसिन से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags