सितंबर में लौटेगा 'लस्ट स्टोरीज' का तीसरा भाग

युगवार्ता    31-Aug-2026
Total Views |
लस्ट स्टोरीज - फोटो सोर्स एक्स


नेटफ्लिक्स की चर्चित एंथोलॉजी फिल्म सीरीज 'लस्ट स्टोरीज' के तीसरे भाग का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'लस्ट स्टोरीज 3' का प्रीमियर 18 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी रिलीज डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। चार अलग-अलग लघु फिल्मों के जरिए रिश्तों, इच्छाओं और मानवीय भावनाओं की जटिलताओं को पेश करने वाली इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2018 में हुई थी, जबकि दूसरा भाग 2023 में रिलीज हुआ था।

'लस्ट स्टोरीज 3' का निर्देशन विक्रम आदित्य मोटवाने, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज ने किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, विक्रम मोटवाने की कहानी में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, विजय वर्मा और अभिषेक बनर्जी नजर आएंगे। वहीं, बाकी तीन कहानियों में अली फजल, राधिका मदान, सिद्धार्थ, अदिति राव हैदरी, गुरफतेह पीरजादा और सना थम्पी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। एंथोलॉजी की पिछली दोनों फिल्मों को दर्शकों और समीक्षकों से मिली प्रतिक्रिया के बाद तीसरे भाग को लेकर भी काफी उत्सुकता है।

तीसरे भाग में एक बार फिर प्रेम, वासना, रिश्तों, इच्छाओं और भावनात्मक उलझनों को अलग-अलग कहानियों के जरिए पेश किया जाएगा। फिल्म मानवीय संबंधों की जटिलताओं और दबे हुए जज्बातों को नए नजरिए से दिखाने का प्रयास करेगी। निर्माताओं ने फरवरी 2026 में फिल्म की पहली झलक साझा करते हुए इसके तीसरे भाग का ऐलान किया था। अब रिपोर्ट्स में 18 सितंबर की रिलीज डेट सामने आने के बाद दर्शकों की नजर नेटफ्लिक्स की आधिकारिक घोषणा पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags