राजा राम की नगरी से भाजपा का नया संकल्प, संगठन से सुशासन तक मिशन मोड में पार्टी

युगवार्ता    31-Aug-2026
Total Views |
भााजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल ने प्रदेश कार्यसमिति समापन के बाद पत्रकारों से बात की


- ओरछा में प्रदेश कार्यसमिति का मंथन पूरा, हर वर्ग और क्षेत्र पर फोकस

- विकसित मध्यप्रदेश से ‘विकसित भारत-2047’ तक की रणनीति पर जोर

ओरछा, निवाड़ी, 31 अगस्त (हि.स.)। श्रीराम राजा की पावन नगरी ओरछा में दो दिन तक चले भाजपा के वैचारिक और संगठनात्मक मंथन ने मध्यप्रदेश में पार्टी की आगामी दिशा स्पष्ट कर दी है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को प्रेस-ब्रीफिंग में कहा कि भाजपा नई दिशा और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी। बैठक में संगठन और विचारधारा को मजबूत करने के साथ प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र से जुड़े विषयों पर व्यापक चिंतन-मंथन हुआ। युवा, महिलाएं, किसान, आदिवासी, अनुसूचित जाति-जनजाति, उद्योग और रोजगार जैसे मुद्दे पार्टी के विमर्श के केंद्र में रहे।

सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता बनी संगठन की प्राथमिकता

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कार्यसमिति में सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता के साथ मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के संकल्प पर निर्णय लिए गए। संगठन को और मजबूत करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित हुआ, जिसमें बुंदेलखंड विकास एवं गरीब कल्याण, औद्योगिक विकास एवं रोजगार, किसान कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण जैसे विषय प्रमुख रहे। भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

श्रीराम हमारे आराध्य, ओरछा के विकास पर सरकार का विशेष फोकस

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्रीराम भाजपा के लिए आराध्य हैं और ओरछा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान देशभर में विशिष्ट है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ओरछा के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की योजना बनाई है। इस योजना को बुंदेलखंड के पर्यटन, धार्मिक विरासत और स्थानीय विकास की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। ओरछा में कार्यसमिति का आयोजन पार्टी के लिए राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा। भाजपा ने धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को विकास की योजनाओं से जोड़ते हुए क्षेत्र के व्यापक विकास को अपने राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाया है।

‘विकसित भारत-2047’ के साथ ‘समरसता संकल्प अभियान’

बैठक में ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत-2047’ जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा का मूल आधार सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता है। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश समाज तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल का अभिनंदन करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इसके लिए 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में विभिन्न सेवा कार्य भी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने रखा ढाई साल का लेखा-जोखा

कार्यसमिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश सरकार के कार्यकाल और अपने नेतृत्व के ढाई वर्षों का लेखा-जोखा सामने रखा। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाए जाने की बात कही। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई, बिजली और कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने लाड़ली बहना योजना, किसान कल्याण, शिक्षा, मेडिकल कॉलेज, रोजगार, औद्योगिक विकास, जल संरक्षण, सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी भी दी। साथ ही संकेत दिया गया कि आने वाला वर्ष महिलाओं के लिए समर्पित रहेगा।

केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड को विकास की नई उम्मीद

बुंदेलखंड के विकास के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना को कार्यसमिति में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया गया। भाजपा नेतृत्व के अनुसार इस परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और विद्युत सुविधाओं का विस्तार होगा। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे बुंदेलखंड के लिए यह परियोजना विकास की नई संभावनाओं का आधार बन सकती है। कार्यसमिति में बुंदेलखंड के विकास को लेकर चर्चा इसलिए भी महत्वपूर्ण रही, क्योंकि भाजपा ने ओरछा की धरती से क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को विकास की नई योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया है।

बूथ तक पहुंचेगा संगठन, सेवा कार्यों को मिलेगी गति

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का संकल्प लिया गया है। कार्यकर्ताओं को सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता और विकास के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी शक्ति से जुटने का आह्वान किया गया।

कार्यसमिति का शुभारंभ भाजपा के ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को पदाधिकारियों ने साथ बैठकर सुना। उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र सिंह पटेल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित वरिष्ठ नेताओं ने मार्गदर्शन दिया।

ओरछा से संगठन को मिला नया रोडमैप

दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति का समापन भाजपा के लिए संगठनात्मक ऊर्जा और वैचारिक स्पष्टता के संदेश के साथ हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

राजा राम की नगरी से भाजपा ने सेवा, सुशासन, समरसता और विकास को अपनी आगामी राजनीतिक दिशा का आधार बनाने का संदेश दिया है। अब चुनौती इस संकल्प को बूथ से लेकर सरकार की योजनाओं तक जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने की है। ओरछा की धरती से लिया गया यह संकल्प आने वाले समय में भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और मध्यप्रदेश के विकास के एजेंडे को नई गति देने वाला साबित हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Tags