
इस्लामाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। टेस्ट क्रिकेट में लगातार खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर और अनुभवी कोच माइक स्मिथ को राष्ट्रीय टेस्ट टीम का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त करने का फैसला किया है। वह असद शफीक की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीसीबी इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला से पहले इस नियुक्ति की औपचारिक घोषणा कर सकता है। बताया जा रहा है कि बोर्ड द्वारा आवेदन आमंत्रित किए जाने के बाद माइक स्मिथ का चयन किया गया और वह इंग्लैंड दौरे से टीम के साथ जुड़ेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, असद शफीक के बल्लेबाजी कोच के रूप में कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे थे, क्योंकि वह एक साथ पुरुष और महिला चयन समिति के सदस्य होने के अलावा कराची स्थित पीसीबी अकादमी के प्रमुख की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे। ऐसे में बल्लेबाजी कोच की भूमिका पर पूरा ध्यान नहीं दे पाने की आलोचना हो रही थी।
पिछले तीन वर्षों में पाकिस्तान ने बल्लेबाजी कोच के पद पर कई बदलाव किए हैं। इस दौरान यूनिस खान, मोहम्मद यूसुफ, एंड्रयू पुटिक और असद शफीक इस भूमिका में रह चुके हैं। लगातार बदलाव के कारण विदेशी कोचों की रुचि भी कम रही। रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी के विज्ञापन पर पांच से भी कम आवेदन प्राप्त हुए।
माइक स्मिथ लेवल-4 प्रमाणित कोच हैं और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर रह चुके हैं। वह पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में मुल्तान सुल्तान्स के साथ भी काम कर चुके हैं, जिससे उन्हें पाकिस्तान की घरेलू क्रिकेट प्रणाली का अनुभव है।
हाल के समय में पाकिस्तान की बल्लेबाजी टेस्ट क्रिकेट में लगातार संघर्ष करती रही है। टीम विदेशी धरती पर लगातार आठ टेस्ट मैच हार चुकी है, जो उसके टेस्ट इतिहास का सबसे खराब क्रम माना जा रहा है। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में पाकिस्तान 211 रन का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सका था, जिससे टीम 26 वर्षों में पहली बार वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला हारने के खतरे का सामना कर रही है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय