प्रीमियर लीग: रियल मैड्रिड छोड़ फुलहम से जुड़े स्ट्राइकर गोंजालो गार्सिया

युगवार्ता    04-Aug-2026
Total Views |
स्पेन के गोंज़ालो गार्सिया ने फुलहम के साथ 2031 तक का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है


पेरिस, 04 अगस्त (हि.स.)। इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब फुलहम ने स्पेनिश स्ट्राइकर गोंजालो गार्सिया को रियल मैड्रिड से अनुबंधित कर लिया है। क्लब और रियल मैड्रिड ने सोमवार को इस ट्रांसफर की आधिकारिक घोषणा की। इसके साथ ही गार्सिया की अपने पूर्व कोच अल्वारो अर्बेलोआ के साथ फिर से जोड़ी बन गई है।

22 वर्षीय गार्सिया का पिछला सत्र शानदार रहा था। उन्होंने रियल मैड्रिड के लिए सभी प्रतियोगिताओं में आठ गोल किए, जिनमें ला लीगा के छह गोल शामिल थे। जनवरी में रियल बेटिस के खिलाफ उन्होंने हैट्रिक भी लगाई थी।

गार्सिया ने फुलहम के साथ वर्ष 2031 तक का अनुबंध किया है। क्लब के पास इस अनुबंध को एक वर्ष और बढ़ाने का विकल्प भी रहेगा।

स्पेनिश मीडिया के अनुसार, इस ट्रांसफर की राशि लगभग 4 करोड़ यूरो (करीब 4.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर) है। वहीं, रियल मैड्रिड ने भविष्य में होने वाले किसी भी ट्रांसफर पर 30 प्रतिशत सेल-ऑन क्लॉज अपने पास रखा है।

फुलहम ने इसी वर्ष गर्मियों में अल्वारो अर्बेलोआ को मुख्य कोच नियुक्त किया था। अर्बेलोआ इससे पहले रियल मैड्रिड की युवा टीमों के साथ काम कर चुके थे और जनवरी में जाबी अलोंसो के पद से हटने के बाद उन्हें पहली टीम की जिम्मेदारी मिली थी।

गार्सिया के अलावा 21 वर्षीय स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर सीजर पलासियोस भी रियल मैड्रिड छोड़कर फुलहम से जुड़ गए हैं। पलासियोस ने हाल के महीनों में अर्बेलोआ के मार्गदर्शन में रियल की पहली टीम में जगह बनाई थी।

उधर, रियल मैड्रिड ने अर्बेलोआ की जगह अनुभवी पुर्तगाली कोच जोसे मोरिन्हो को नियुक्त किया है। लगातार दो सत्र तक कोई बड़ा खिताब नहीं जीतने के बाद क्लब अपनी टीम में बड़े बदलाव कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags