लॉज़ेन डायमंड लीग में नीरज की नजर खिताब पर, अरशद नदीम समेत कई दिग्गजों से होगी टक्कर

युगवार्ता    04-Aug-2026
Total Views |
नीरज चोपड़ा


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को होने वाली लॉज़ेन डायमंड लीग में एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे। राष्ट्रमंडल खेल-2026 में रजत पदक जीतने के बाद नीरज अब सीजन के सबसे मजबूत पुरुष भाला फेंक मुकाबलों में हिस्सा लेंगे, जहां उनका सामना पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम, मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वॉलकॉट, पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, पूर्व ओलंपिक चैंपियन थॉमस रोहलर और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे से होगा।

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में नीरज ने अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर का थ्रो फेंका था और रजत पदक अपने नाम किया था। श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

लॉज़ेन डायमंड लीग के आयोजकों ने एक बयान में कहा, 21 अगस्त को एथलेटिसिमा में पिछले चार ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के विजेता पांच सुपरस्टार भाला फेंक खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह असाधारण स्तर की प्रतियोगिता होगी।

लॉज़ेन में यह नीरज की इस सत्र की दूसरी डायमंड लीग प्रतियोगिता होगी। इससे पहले उन्होंने जून में दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लिया था, जहां 85.69 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।

28 वर्षीय नीरज का लॉज़ेन में प्रदर्शन पहले भी शानदार रहा है। वर्ष 2024 में उन्होंने 89.49 मीटर के थ्रो के साथ यहां दूसरा स्थान हासिल किया था। अब भारतीय स्टार एक बार फिर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भाला फेंक खिलाड़ियों के बीच अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags