
नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मिला-जुला रुझान नजर आ रहा है। सेंसेक्स मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी बड़ी गिरावट के बाद निचले स्तर से रिकवर करता हुआ नजर आ रहा है। सेंसेक्स ने आज मजबूत शुरुआत की, वहीं निफ्टी की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। बाजार खुलने के बाद बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से ये दोनों सूचकांक ओपनिंग लेवल से नीचे गिर गए। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारी शुरू हो जाने की वजह से दोनों सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.25 प्रतिशत कि बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 0.56 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
बीएसई का सेंसेक्स आज 493.94 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ 79,132.97 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से यह सूचकांक गिर कर 78,698.11 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 196.28 अंक की मजबूती के साथ 78,835.31 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 70.40 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,703.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक फिसल कर 24,589.35 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 138.15 अंक लुढ़क कर 24,636.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,756 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,810 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 946 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर सात शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान में और 35 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ट्रेंट लिमिटेड, अदानी एंटरप्राइजेज, टाटा स्टील और जियो फाइनेंशियल के शेयर 1.37 प्रतिशत से लेकर 0.53 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, बजाज ऑटो, टाइटन कंपनी, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज और इन्फोसिस के शेयर 3.17 प्रतिशत से लेकर 1.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 544.39 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,639.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 390.70 अंक यानी 1.60 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,774.30 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक