
नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के मुख्यालय में बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान कई पूर्व नौकरशाह, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान इंडियन पब्लिक जस्टिस पार्टी और समाज विकास क्रांति पार्टी के कांग्रेस में विलय की भी घोषणा की गयी। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले प्रमुख लोगों में बसपा के पूर्व नेता डॉ. अनूप कुमार अंबेडकर, अधिवक्ता मयंक यादव, अधिवक्ता श्रेय यादव, उत्तर प्रदेश के सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, पंजाब कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस चौधरी खुशीराम, उत्तर प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईपीएस बीपी अशोक, केरल के पूर्व डीजीपी सुदेश कुमार, किसान नेता रोहित जाखड़, सेवानिवृत्त नौकरशाह विक्रांत गौतम, सचिन कुमार, किशन स्वरूप, आरके मैसी, राजेंद्र प्रसाद विशप, अमित कुमार, राष्ट्रीय लोक दल की पूर्व सचिव सावित्री गौतम, अरुण बंसवाल और अशोक सिंह शामिल हैं।कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल जैयहिंद तथा सांसद राकेश राठौर की मौजूदगी में सभी नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली।इस दौरान बीपी अशोक ने अपनी इंडियन पब्लिक जस्टिस पार्टी का कांग्रेस में विलय किया, जबकि अशोक सिंह ने समाज विकास क्रांति पार्टी का कांग्रेस में विलय करने की घोषणा की।कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा महंगी की, सार्वजनिक उपक्रम बेचे, देश पर कर्ज बढ़ाया और सरकारी स्कूल बंद किए।कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल जैयहिंद ने कहा कि एक ओर राजनीतिक दल टूट रहे हैं और सांसद दल बदल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जनता का समर्थन कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में भारी असंतोष है और प्रयागराज में होने वाला 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम गेम चेंजर साबित होगा।------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर