दिल्ली एयरपोर्ट पर एक किलो सोने के साथ दो महिला यात्री पकड़ी गईं

युगवार्ता    05-Aug-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। सीमा शुल्क विभाग ने यहां के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ करते हुए दो महिला यात्रियों को पकड़ा गया है। उनके पास से लगभग एक किलोग्राम सोना भी बरामद किया गया।

विभाग ने बुधवार को एक बयान में बताया कि इस्तांबुल से उड़ान संख्या 6ई-12 से नई दिल्ली पहुंचीं दो महिला यात्रियों को कस्टम्स ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका गया। एडवांस पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एपीआईएस) के आधार पर प्रोफाइलिंग के बाद ऐसा किया गया। उनके सामान की एक्स-रे जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजरते समय दोनों यात्रियों के शरीर पर धातु होने का संकेत मिला।

इसके बाद की गई विस्तृत व्यक्तिगत तलाशी में अधिकारियों ने लगभग एक किलोग्राम सोना बरामद किया। तस्करी के लिए सोने पर चांदी की बाहरी परत चढ़ाई गई थी और उसे पारंपरिक बाजूबंद के रूप में तैयार कर दोनों महिलाओं की ऊपरी भुजाओं पर इस तरह पहनाया गया था कि वह सामान्य आभूषण जैसा दिखाई दे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags