जेपीएससी मामले पर आंदोलनरत छात्रों का शक्ति प्रदर्शन, 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकाला मार्च

युगवार्ता    05-Aug-2026
Total Views |
तिरंगा मार्च के दौरान जुटे अभ्यर्थी छात्र सहित अन्य


रांची, 05 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने बुधवार को राजधानी में शक्ति प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी छात्रों ने करीब 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ मार्च निकालकर अपनी मांगों को दोहराया। सरकार से भर्ती प्रक्रिया पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकले मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने तिरंगा हाथ में लेकर शांतिपूर्ण ढंग से रैली निकाली और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान तेज बारिश के बावजूद छात्रों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश में भीगते हुए भी आंदोलनकारी पूरे जोश के साथ मार्च में शामिल रहे और देशभक्ति के नारों के बीच अपनी मांगों को बुलंद करते रहे। उनका कहना था कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां आंदोलन को कमजोर नहीं कर सकतीं।

आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है तथा इसका उद्देश्य सरकार का ध्यान युवाओं की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Tags