
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी (एसजीआई) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उद्योग से बेहतर प्रदर्शन करते हुए सकल प्रत्यक्ष प्रीमियम (जीडीपी) में 23 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। कंपनी का प्रीमियम बढ़कर 1,180 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 960 करोड़ रुपये था। यह वृद्धि उद्योग की 11 प्रतिशत वृद्धि से कहीं अधिक रही।
श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के एमडी एवं सीईओ अनिल अग्रवाल ने कहा कि कंपनी का प्रमुख कारोबार मोटर इंश्योरेंस 25 प्रतिशत बढ़ा, जबकि उद्योग की वृद्धि 14 प्रतिशत रही। वहीं, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पोर्टफोलियो में भी 47 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 5 प्रतिशत बढ़कर 131 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष समान अवधि में 125 करोड़ रुपये था। जून 2026 तक कंपनी का सॉल्वेंसी अनुपात 3.02 रहा, जो नियामकीय मानक 1.50 से काफी अधिक है।
कंपनी ने तिमाही के दौरान 5,176 नए वित्तीय सलाहकार जोड़े, जिससे उनकी कुल संख्या बढ़कर 1,10,102 हो गई। शाखाओं की संख्या भी 279 से बढ़कर 291 हो गई, जबकि सक्रिय पॉलिसियों की संख्या 68 लाख से बढ़कर 72 लाख पहुंच गई। कंपनी की प्रबंधन टीम ने बताया कि अनुशासित अंडरराइटिंग, मजबूत वितरण नेटवर्क और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के चलते यह प्रदर्शन संभव हुआ है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक वित्तीय सलाहकारों की संख्या दो लाख करने का लक्ष्य रखा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश