
आसान (दक्षिण कोरिया), 05 अगस्त (हि.स.)। भारत की युवा शटलर तन्वी शर्मा ने कोरिया मास्टर्स 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए बुधवार को महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। तीसरी वरीयता प्राप्त 17 वर्षीय तन्वी ने चीन की युआन आन ची को सीधे गेमों में 21-16, 21-15 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया।
हाल ही में ताइपे ओपन का खिताब जीतने वाली तन्वी ने पूरे मुकाबले में आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन किया। अब दूसरे दौर में उनका सामना भारत की ही श्रियंशी वालिशेट्टी से होगा, जिन्होंने चीनी ताइपे की पाई यू-पो को 21-15, 21-14 से हराया।
पुरुष युगल में भारत के पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और कृष्ण प्रसाद गरगा ने प्रतियोगिता का बड़ा उलटफेर करते हुए चौथी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की वोर्रापोल थोंगसा-ंगा और चालोएमपोन चारोएनकिटामोर्न की जोड़ी को 21-16, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
विश्व रैंकिंग में 118वें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने विश्व नंबर 48 थाई जोड़ी को 42 मिनट में शिकस्त दी।
पुरुष एकल क्वालीफाइंग में तुषार सुवीर ने पहले दौर में कनाडा के शौर्य गुल्लैया को 21-15, 21-12 से हराया, लेकिन क्वालीफाइंग फाइनल में जापान के शोगो ओगावा से 21-10, 21-17 से हार गए और मुख्य ड्रॉ में पहुंचने से एक कदम दूर रह गए।
वहीं, पुरुष युगल में अर्जुन रेड्डी पोचाना और अचुतादित्य राव दोड्डावरापु की जोड़ी को दूसरे वरीय चोई सोल ग्यू और गोह वी शेम से 21-3, 21-10 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला युगल में प्रिया कोंजेंगबम और श्रुति मिश्रा की जोड़ी भी पहले दौर में बाहर हो गई। उन्हें जापान की दूसरी वरीय रिरिना हिरामोतो और कोकोना इशिकावा की जोड़ी ने 21-15, 21-13 से पराजित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे