बार्सिलोना ने ब्राजील की फॉरवर्ड केरोलिन निकोली को मैनचेस्टर सिटी से जोड़ा

युगवार्ता    05-Aug-2026
Total Views |
ब्राजील की स्टार फॉरवर्ड केरोलिन निकोली


बार्सिलोना, 05 अगस्त (हि.स.)। स्पेन के दिग्गज क्लब बार्सिलोना ने ब्राजील की स्टार फॉरवर्ड केरोलिन निकोली को मैनचेस्टर सिटी से चार वर्ष के अनुबंध पर अपने साथ जोड़ लिया है। ब्राजील के लिए 2018 में सीनियर पदार्पण करने वाली केरोलिन 2022 में महिला कोपा अमेरिका जीतने वाली ब्राजीलियाई टीम की सदस्य भी रही हैं।

ब्रिटिश मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह महिला सुपर लीग (डब्ल्यूएसएल) के इतिहास का सबसे महंगा ट्रांसफर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बार्सिलोना ने 26 वर्षीय केरोलिन के लिए लगभग 15 लाख यूरो (करीब 17.3 लाख अमेरिकी डॉलर) की ट्रांसफर फीस अदा की। इससे पहले डब्ल्यूएसएल से सबसे महंगा ट्रांसफर कनाडा की ओलिविया स्मिथ का था, जो पिछले वर्ष लिवरपूल से आर्सेनल एक करोड़ पाउंड में गई थीं।

केरोलिन जनवरी, 2025 में नॉर्थ कैरोलाइना करेज से मैनचेस्टर सिटी में शामिल हुई थीं। उन्होंने पिछले सीजन में क्लब को महिला सुपर लीग और महिला एफए कप का खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बार्सिलोना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, केरोलिन ने अपने करियर के दौरान खुद को एक संपूर्ण खिलाड़ी के रूप में विकसित किया है। वह अब बार्सिलोना की जर्सी पहनने और दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण टीमों में से एक के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए तैयार हैं।

बार्सिलोना ने अपने बयान में आगे कहा, केरोलिन निकोली का अनुबंध क्लब की महत्वाकांक्षा का एक और बड़ा संकेत है। हमारा लक्ष्य दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को साथ लाकर शीर्ष स्तर पर बने रहना और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करना है।

बार्सिलोना ने लगातार सात बार स्पेनिश महिला लीग (लीगा एफ) का खिताब जीता है, जबकि 2020 के बाद से क्लब चार बार यूईएफए महिला चैंपियंस लीग का विजेता भी बन चुका है। टीम अपने नए लीगा एफ अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को सीडी टेनेरिफ़ के खिलाफ करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags