'यश धुल जिम्मेदारी लेकर टीम को जिताने वाले खिलाड़ी हैं': मनी ग्रेवाल

युगवार्ता    05-Aug-2026
Total Views |
डीपीएल 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स टीम के कप्तान यश धुल


नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में पुरानी दिल्ली-6 पर नौ विकेट की शानदार जीत के बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स के तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने टीम के कप्तान यश धुल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यश धुल ऐसे खिलाड़ी हैं, जो मुश्किल परिस्थितियों में जिम्मेदारी उठाकर टीम को जीत दिलाना जानते हैं।

अरुण जेटली स्टेडियम में बारिश से प्रभावित 15-15 ओवर के मुकाबले में पहले गेंद से और फिर बल्ले से सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शानदार प्रदर्शन किया। मनी ग्रेवाल ने तीन ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए यश धुल ने केवल 47 गेंदों में नाबाद शतक जड़कर टीम को आसान जीत दिला दी।

मैच के बाद ग्रेवाल ने कहा, यश धुल ऐसे खिलाड़ी हैं जो जिम्मेदारी लेते हैं और टीम को मैच जिताते हैं। जब तक वह क्रीज पर रहते हैं, हमें हमेशा विश्वास रहता है कि कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वह इस समय शानदार फॉर्म में हैं।

अपनी गेंदबाजी को लेकर ग्रेवाल ने बताया कि टीम की रणनीति डेथ ओवरों में लगातार आक्रामक गेंदबाजी करने और सही लाइन-लेंथ बनाए रखने की थी। उन्होंने कहा, हम जानते थे कि अगर कुछ और विकेट निकाल लिए जाएं और नए बल्लेबाजों को जल्दी क्रीज पर लाया जाए, तो रन बनाना आसान नहीं होगा। मैंने अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू करने पर ध्यान दिया और खुशी है कि इसका फायदा टीम को मिला।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags