वनइंडिग टेक की स्टॉक मार्केट में जबरदस्त एंट्री, मजबूत लिस्टिंग के बाद लगा अपर सर्किट

युगवार्ता    06-Aug-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। देश मे सोलर पावर प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाली कंपनी वनइंडिग टेक्नोलॉजीज के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट ने जोरदार शुरुआत की। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 96 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 25 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 120 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के बाद हुई लिवाली के कारण कंपनी के शेयरों के भाव में तेजी का रुख बन गया। थोड़ी देर में ही ये शेयर 126 रुपये के अपर सर्किट लेवल तक पहुंच गए। इस तरह पहले दिन के कारोबार में ही कंपनी के आईपीओ निवेशकों प्रति शेयर 30 रुपये यानी 31.25 प्रतिशत का फायदा हो गया।

वनइंडिग टेक का 27.65 करोड़ रुपये का आईपीओ 30 जुलाई से तीन अगस्त के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से फीका रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.73 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.05 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 2.40 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। जबकि रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.84 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 28.80 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।

वनइंडिग टेक्नोलॉजीज की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक पिछले दो वित्त वर्ष को दौरान इसकी वित्तीय सेहत मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी को 47.17 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 6.16 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2024-25 में इसे 46.14 करोड़ का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 57.56 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

इस अवधि में कंपनी पर लदे कर्ज के बोझ में भी जोरदार वृद्धि हुई। वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में कंपनी पर 6.96 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2025-26 में जबरदस्त उछाल के साथ 50.77 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस अवधि में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2024-25 में ये 6.64 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2025-26 में बढ़ कर 12.61 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) 2024-25 में 6.87 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2025-26 में बढ़ कर 10.52 करोड़ रुपये हो गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags