
लंदन, 06 अगस्त (हि.स.)। लंदन में भारतीय दूतावास के सामने बुधवार को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की बरसी पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी इस अवसर पर कश्मीर का राग अलापने से भी नहीं चूके। इस बरसी को 'यौम-ए-इस्तेहाल कश्मीर' (कश्मीर शोषण दिवस) का नाम दिया। यह महत्वपूर्ण है कि भारत सरकार ने 5 अगस्त 2019 को राष्ट्रपति के आदेश पर अनुच्छेद 370 और 35ए के ज्यादातर प्रावधानों को निष्प्रभावी कर दिया था। इसके बाद से जम्मू-कश्मीर में पहले मुकाबले शांति है।
पाकिस्तान के चैनल दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने इस अवसर पर कश्मीर और पाकिस्तान के झंडे लहराए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर को भारत से लेकर रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया गया लंदन स्थित भारतीय दूतावास पाकिस्तान विरोधी और कश्मीर-विरोधी गतिविधियों में शामिल है।
प्रदर्शनकारियों ने कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ध्यान देने की मांग की। प्रदर्शन में ब्रिटिश-कश्मीरी और पाकिस्तानी समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। महत्वपूर्ण है कि 2019 के बाद हर साल 5 अगस्त को पाकिस्तान प्रायोजित ऐसे प्रदर्शन होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद