जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित, शिलेइमा चानू कप्तान

युगवार्ता    06-Aug-2026
Total Views |
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने गुरुवार को एएचएफ जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी। यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में खेला जाएगा। टीम में 18 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जबकि दो खिलाड़ियों को वैकल्पिक (अल्टरनेट) के रूप में रखा गया है।

टीम की कप्तानी मिडफील्डर खैदेम शिलेइमा चानू करेंगी। मुख्य कोच टिम व्हाइट के मार्गदर्शन में टीम ने पिछले कुछ महीनों से गहन तैयारी की है। इस वर्ष टीम की कमान संभालने वाले व्हाइट की देखरेख में खिलाड़ियों ने अपने खेल में लगातार सुधार किया है। महाद्वीपीय टूर्नामेंट की तैयारी के तहत भारतीय जूनियर महिला टीम हाल ही में यूनाइटेड किंगडम के एक्सपोजर दौरे से लौटी है। इस दौरे में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का अनुभव मिला, जिससे जूनियर एशिया कप की तैयारियों को और मजबूती मिली।

कोच टिम व्हाइट ने टीम की घोषणा पर कहा, मुझे गर्व है कि इन युवा खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प के दम पर टीम में जगह बनाई है। पिछले कुछ महीनों में उन्होंने अपने खेल के हर पहलू में सुधार के लिए अथक मेहनत की है और मैंने उन्हें व्यक्तिगत और टीम दोनों रूपों में आगे बढ़ते देखा है।

उन्होंने आगे कहा, यह टूर्नामेंट एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खुद को परखने और बड़े लक्ष्यों की ओर बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। हम हर मैच में आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ उतरेंगे। मुझे विश्वास है कि इस टीम में देश को गौरवान्वित करने की प्रतिभा और जज्बा है।

टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष जूनियर टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का कार्यक्रम और पूल का ऐलान बाद में किया जाएगा।

भारतीय टीम:

गोलकीपर: निधि, एंगिल हर्षा रानी मिंज

डिफेंडर: पूजा साहू, सुप्रिया, पूजा मलिक, पार्वती टोपनो, मधु

मिडफील्डर: खैदेम शिलेइमा चानू (कप्तान), तनुजा टोप्पो, बिनिमा धन, रोशनी ऐंद, गीता यादव

फॉरवर्ड: लालरिनपुई, पूर्णिमा यादव, सुखवीर कौर, कृष्णा शर्मा, सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार

वैकल्पिक खिलाड़ी: एफ. लालबियाक्सियामी, तनुश्री दिनेश कडू।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags