लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय गृहमंत्री व अन्य ने सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

युगवार्ता    06-Aug-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को पूर्व विदेश मंत्री पद्मविभूषण सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, पूर्व विदेशमंत्री पद्म विभूषण दिवंगत सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! अपने प्रखर उद्बोधन, संवेदनशील नेतृत्व और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण से सुषमा ने भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट स्थान बनाया। राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यशैली और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरक रहेगी।

शाह ने कहा कि सुषमा स्वराज ने अपने अनुशासन, कर्मठता और संघर्षशीलता के बल पर संगठन से लेकर सरकार तक सभी दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। विदेश मंत्रालय को आम जन से जोड़ने वाली उनका सादगीपूर्ण जीवन सदैव स्मरणीय रहेगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सुषमा स्वराज एक प्रभावी वक्ता होने के साथ-साथ अपने सहज और सौम्य व्यवहार के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपने प्रभावी व्यक्तित्व, संवेदनशील नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति अपने समर्पण से भारतीय राजनीति और राजनय पर अमिट छाप छोड़ी। भारत की आवाज को विश्व मंच पर मज़बूत करने में उनका योगदान हमेशा याद किया जायेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पूर्व केंद्रीयमंत्री सुषमा स्वराज के स्मृति दिवस पर उन्हें विनम्र अभिवादन।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि संगठन से लेकर शासन तक उन्होंने अपनी अद्वितीय नेतृत्व क्षमता की अमिट छाप छोड़ी। एक प्रखर वक्ता और जनप्रिय नेत्री के रूप में उन्होंने जनजीवन तथा भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। विदेशमंत्री के रूप में उन्होंने भारतीय कूटनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए विश्वभर में भारत की प्रतिष्ठा को सशक्त बनाया। उनका सहज व्यक्तित्व, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सुषमा दीदी बड़ी बहन की तरह स्नेह रखती थीं । उनके चेहरे पर तेज और वाणी में ओज था, सरस्वती उनकी जिह्वा पर विराजती थीं। उनके मंगल विचारों की पुण्य ज्योत सदैव जनसेवा के पथ को आलोकित कर राष्ट्र व समाज सेवा के लिए हमें प्रेरित करती रहेगी। केंद्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारतीय राजनीति में उनका अद्वितीय योगदान, प्रखर वक्ता के रूप में उनकी पहचान और जनकल्याण के प्रति उनका समर्पण सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags