सांस्कृतिक विरासतों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए पर्यटन मंत्रालय और नेटफ्लिक्स के बीच साझेदारी

युगवार्ता    06-Aug-2026
Total Views |
केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के साथ अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध परिदृश्य तथा पर्यटन स्थलों को वैश्विक पटल पर उभारने के लिए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय और नेटफ्लिक्स के बीच रणनीतिक साझेदारी हुई है।

भारत में नेटफ्लिक्स के एक दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को नई दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए) में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और नेटफ्लिक्स के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी टेड सारंडोस के बीच बातचीत हुई। इस परिचर्चा में इस बात पर मंथन किया गया कि कैसे कहानियों के माध्यम से लोगों को यात्रा के लिए प्रेरित किया जा सकता है और भारत की वैश्विक सॉफ्ट पावर को मजबूत बनाया जा सकता है।

शेखावत ने सिनेमा की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, सिनेमा मनोरंजन से कहीं अधिक है; यह संस्कृति, विरासत और पर्यटन को जोड़ने वाला एक सेतु है। प्रत्येक भारतीय कहानी में दुनिया के किसी न किसी कोने में बैठे व्यक्ति को भारत आने के लिए प्रेरित करने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि अतुल्य भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'ऐज सीन ऑन नेटफ्लिक्स' का एकीकरण भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने और देश की सॉफ्ट पावर को बढ़ाने की दिशा में एक साझा कदम है।

इस ऐतिहासिक साझेदारी के तहत पर्यटन मंत्रालय ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'ऐज सीन ऑन नेटफ्लिक्स' फीचर को शामिल किया है। इसके जरिए दुनिया भर के यात्री भारत के उन खूबसूरत स्थानों, त्योहारों, वन्यजीवों और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे जिन्हें नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय फिल्मों और सीरीज में दिखाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य दर्शकों के ऑन-स्क्रीन अनुभव को असल जिंदगी की यात्रा में बदलना है।

कार्यक्रम में मौजूद पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि क्रिएटिव इंडस्ट्री और सरकार के बीच इस तरह की रणनीतिक साझेदारी से स्थलों की खोज और अनुभव के तरीकों में बड़ा बदलाव आ रहा है। प्रामाणिक कहानियां न केवल टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देती हैं, बल्कि स्थानीय समुदायों के लिए आर्थिक अवसर भी पैदा करती हैं।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय और नेटफ्लिक्स की ओर से संयुक्त रूप से निर्मित दो विशेष फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। पहली फिल्म भारत की असाधारण जैव विविधता और वन्यजीव पर्यटन अनुभवों पर केंद्रित रही जबकि दूसरी फिल्म देश की समृद्ध और जीवंत सांस्कृतिक विरासत को समर्पित थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags