अमित शाह 12 अगस्त को भारतीय व्यापार महोत्सव का उद्घाटन करेंगे

युगवार्ता    07-Aug-2026
Total Views |
प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कैट महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल


प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कैट महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर वैश्विक व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। भारत मंडपम में 12 अगस्त से आयोजित होने वाला भारतीय व्यापार महोत्सव देश की आर्थिक प्रगति और वैश्विक व्यापारिक महत्वाकांक्षाओं का बड़ा मंच बनने जा रहा है। भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का शुभारंभ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी रहेंगी मौजूद रहेंगी।

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव को लेकर आज यहां आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सांसद और कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत की व्यापारिक, औद्योगिक और उद्यमशील क्षमताओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने के उद्देश्य से भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 (बीवीएम 2026) देश के आर्थिक इतिहास में नया अध्याय लिखने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 12 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा कैट की रणनीतिक सलाहकार स्मृति ईरानी भी उपस्थित रहेंगी। साथ ही अन्य केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ प्रशासक, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि तथा विभिन्न देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी इस महोत्सव में शामिल होंगे।

कैट महामंत्री ने कहा कि भारत मंडपम में आयोजित होने वाला भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल”, “लोकल टू ग्लोबल” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को धरातल पर उतारने वाला ऐतिहासिक आयोजन है। इस महोत्सव में 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 700 से ज्यादा प्रदर्शक और हजारों निवेशक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 का उद्देश्य भारतीय निर्माताओं, व्यापारियों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई, महिला उद्यमियों, कारीगरों और सेवा क्षेत्र की प्रतिभाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां से वे न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया के बाजारों तक अपनी पहुंच बना सकें।

खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव देश का अब तक का सबसे बड़ा “मेड इन इंडिया” व्यापारिक आयोजन है, जो पूरी तरह भारतीय उत्पादों, सेवाओं, तकनीकों और नवाचारों को समर्पित है। देश के विभिन्न राज्यों से 700 से अधिक स्टॉल इस महोत्सव में भाग ले रहे हैं, जबकि लाखों व्यापारिक आगंतुकों, संस्थागत खरीदारों, उद्योगपतियों और उद्यमियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त 40 से अधिक देशों से आने वाले व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल और खरीदार इसे एक वास्तविक ग्लोबल बिजनेस प्लेटफॉर्म का स्वरूप प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह निर्माता से लेकर निर्यातक, स्टार्टअप से लेकर बड़े उद्योग, महिला उद्यमी से लेकर ग्रामीण कारीगर और पारंपरिक व्यवसाय से लेकर आधुनिक तकनीकी कंपनियों तक सभी को एक ही मंच पर लाता है। चार दिनों के दौरान आयोजित होने वाले इस महोत्सव में बायर-सेलर मीट, बी2बी एवं बी2जी नेटवर्किंग सत्र, निवेश एवं निर्यात संवाद, स्टार्टअप शोकेस, तकनीकी प्रदर्शनियां तथा विशेष विषयों पर पैनल चर्चाएं व्यापार विस्तार के नए द्वार खोलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags