देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने उज्जैन में किया न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन

युगवार्ता    07-Aug-2026
Total Views |
देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने उज्जैन में किया न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन


देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने उज्जैन में किया न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन


- लगभग 18.66 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक न्यायाधीश अतिथि गृह

भोपाल, 07 अगस्त (हि.स.)। भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने शुक्रवार देर शाम मध्य प्रदेश के उज्जैन में न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लगभग 18.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बताया कि यह न्यायाधीश अतिथि गृह लगभग 1.947 एकड़ भूमि क्षेत्र में निर्मित किया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन जी+1 (भूतल एवं प्रथम तल) संरचना में प्रस्तावित है। अतिथि गृह में न्यायाधीशों के ठहरने के लिए आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाएगा। न्यायाधीश अतिथि गृह के निर्माण से विभिन्न न्यायालयों एवं न्यायिक संस्थानों से उज्जैन आने वाले न्यायाधीशों को बेहतर एवं सुविधायुक्त आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को श्री महाकालेश्वर मंदिर की प्रतिकृति भेंट की एवं जिला अभिभाषक संघ द्वारा समारोह में आये सभी न्यायाधीशों को भगवान श्री महाकालेश्वर का छायाचित्र भेंट किया गया।

भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, जिला न्यायालय के न्यायाधीश एवं प्रशासन व संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags