उत्तराखंड : खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौत, एक लापता

युगवार्ता    07-Aug-2026
Total Views |
खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौत, एक लापता


पौड़ी, 07 अगस्त (हि.स.)। पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुण्डाधार के समीप डंपिंग जोन के पास शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई,जबकि एक व्यक्ति घायल बताया गया है।

आपदा नियंत्रण कक्ष पौड़ी के अनुसार, कार में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे पहले पुलिस ने बागी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल को हायर सेंटर श्रीनगर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ आसपास के इलाकों में खोज कर रही है कि कहीं कोई और व्यक्ति तो कार में सवार नहीं था। सभी लोग हरिद्वार के है, जो पौड़ी में कुछ काम से आ रहे थे। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि आज पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे 112 पर थाना देवप्रयाग को पौड़ी मार्ग पर वाहन के खाई में गिरने की जानकारी मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की फोर्स मौके पर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हुई है। सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। एक व्यक्ति घायल है, जिसे श्रीनगर हॉस्पिटल भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Tags