
रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी, जेएसएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलनरत छात्र-अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार के साथ प्रस्तावित वार्ता के लिए अपने 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की अंतिम सूची शुक्रवार को जारी कर दी।
छात्र नेता कुणाल प्रताप सिंह की ओर से जारी सूची के अनुसार, सरकार के साथ वार्ता करने वाले प्रतिनिधिमंडल में रवीन्द्र पासवान, पीयूष कुमार, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी, रवींद्र कुमार रवि, आनंद कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं।
कुणाल प्रताप सिंह ने बताया कि वार्ता का उद्देश्य आंदोलन से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालना और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों की मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल की सूची मांगी गई थी। प्रतिनिधिमंडल आंदोलन की प्रमुख मांगों को पूरी गंभीरता के साथ सरकार के समक्ष रखेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। छात्रों ने निष्पक्ष जांच, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के हितों की रक्षा को अपनी प्रमुख मांग बताया है।
इससे पहले सरकार की ओर से प्रतिनिधिमंडल में केवल छात्र-अभ्यर्थियों को शामिल किए जाने की बात कही गई थी। इसके बाद आंदोलनकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की सूची से पत्रकार और अधिवक्ता के नाम हटा दिए। छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार के आग्रह के अनुरूप अब वार्ता में केवल छात्र-अभ्यर्थियों का प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar