
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महेश्वरी साड़ी बुनाई में उत्कृष्ट योगदान के लिए कमल गौड़ को किया सम्मानित
भोपाल/नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर मध्य प्रदेश के महेश्वर की समृद्ध हथकरघा परम्परा को राष्ट्रीय गौरव दिलाने वाले खरगोन जिले के बुनकर कमल गौड़ को 'राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार-2026' से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित समारोह में संत कबीर हथकरघा पुरस्कार और राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में हथकरघा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 22 प्रतिभाशाली पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बुनकर कमल गौड़ भी शामिल है। उन्हें महेश्वरी साड़ी बुनाई में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कमल को दी बधाई
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कमल गौड़ को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर अपने बधाई संदेश में कहा कि कमल गौड़ को मिला यह सम्मान महेश्वरी साड़ी की विशिष्ट पहचान, मध्य प्रदेश की समृद्ध हथकरघा परम्परा और हमारे बुनकरों के उत्कृष्ट कला-कौशल का गौरव है। हमारी सरकार महेश्वर को टेक्सटाइल टूरिज्म विलेज के रूप में विकसित कर इस पुरातन विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध होकर प्रयासरत है।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों महेश्वरी साड़ी निर्माण के लिए ‘राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार 2026’ सम्मान से अलंकृत होने पर मध्य प्रदेश के खरगोन निवासी कमल गौड़ को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा है कि विगत 25 वर्षों से महेश्वरी साड़ी के निर्माण और उसकी विरासत को सँजोने में आपका योगदान सराहनीय है। यह महेश्वर की गौरवशाली परंपरा, महेश्वरी साड़ी के बुनकरों तथा भारत की समृद्ध हस्तशिल्प एवं हथकरघा संस्कृति का भी सम्मान है। आपने महेश्वर के साथ ही समूचे मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर