कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : रामदास अठावले

युगवार्ता    07-Aug-2026
Total Views |
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले पत्रकारों से बातचीत करते हुए।


देहरादून, 07 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति,ओबीसी, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों नागरिकों को लाभ पहुंचा है।

दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री ने बीजापुर गेस्ट हाउस में शुक्रवार शाम आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार की योजनाओं और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

रामदास अठावले ने प्रधानमंत्री जन धन योजना, मुद्रा योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार किया है। उन्होंने बताया कि जन धन योजना के तहत देशभर में 58.30 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि उत्तराखंड में 40.91 लाख खाते शामिल हैं। वहीं मुद्रा योजना के तहत देशभर में 58.31 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही सरकार नशा मुक्ति केंद्रों, वृद्धजनों के कल्याण, वित्तीय समावेशन और एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य कर रही है।

सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आरक्षण संविधान प्रदत्त व्यवस्था है और इसका विरोध संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित जातीय जनगणना से सामाजिक और आर्थिक स्थिति के आकलन में सहायता मिलेगी तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी। प्रश्नपत्र लीक मामलों पर उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके खिलाफ सख्त कानून बनाया है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। संसद के मानसून सत्र को लेकर उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा लोकतंत्र के लिए जरूरी है। श्री अठावले ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags