

ऋषिकेश, 07 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बेंगलुरु दक्षिण से लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या ने शुक्रवार को सावन मास के पावन अवसर पर हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने सैकड़ों युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया, जो ऋषिकेश के वीरभद्र में सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर तेजस्वी सूर्या ने प्रदेशवासियों को सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकजुटता की भावना को भी मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।
भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने तेजस्वी सूर्या की कांवड़ यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे युवाओं को सकारात्मक संदेश मिला है। उन्होंने कहा कि जिस देश के युवाओं के पास आध्यात्म और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) दोनों की शक्ति होगी, वह हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकता है।
यात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सहगल, दीप कोश्यारी, मुलायम रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा शामिल रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय