
नई टिहरी, 09 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास में संचालित पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी से तरह से मुस्तैद है। भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा के लिए छाम-कंडीसौड़ थाना पुलिस ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चला रही है। रविवार को यात्रा के जोनल मजिस्ट्रेट व एसओ दिलवर सिंह नेगी, सेक्टर प्रभारी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कंडीसौड़ बाजार और निकटवर्ती क्षेत्र में गहन चेकिंग अभियान चलाया।
उन्होंने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की। नेगी बताया कि कांवड़ यात्रा अब अंतिम चरण में है। 10 अगस्त को सोमवार को देखते हुए बड़ी संख्या में शिव भक्त गंगोत्री से जल भरकर गंतव्य की ओर जा रहे हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू और बेहतर बनाने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन कर पुलिस को सहयोग की अपील की।
इस दौरान पुलिस टीम ने ट्रकों से बेतरतीब तरीके से बैठे कांवड़ियों को उतारकर सख्त हिदायत देकर सुरक्षित चलने को कहा है। कहा कि डीएम नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर राजस्व उपनिरीक्षक सुनील अग्रवाल, पुलिस उपनिरीक्षक मनवीर चौहान, जुगल किशोर भट्ट, धर्मेेद्र बिष्ट, गंभीर सिंह तोमर, अनूप भट्ट शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी