नेपाल त्रासदी पर ब्रिटिश पीएम बर्नहैम ने जताया दुख, बोले- जलवायु संकट की भयावह तस्वीर

युगवार्ता    01-Sep-2026
Total Views |

लंदन, 01 सितंबर (हि.स.)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने नेपाल-चीन सीमा पर आई भीषण आपदा पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि ब्रिटेन इस संकट की घड़ी में नेपाल सरकार और प्रभावित ब्रिटिश नागरिकों की हरसंभव मदद कर रहा है। उन्होंने इस त्रासदी को जलवायु संकट के गंभीर प्रभावों से जोड़ते हुए कहा कि उनकी सरकार इससे निपटने के लिए प्रतिबद्ध है।

हाउस ऑफ कॉमन्स में प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले संबोधन में बर्नहैम ने कहा कि नेपाल-चीन सीमा से सामने आई तबाही की तस्वीरों से पूरा ब्रिटेन स्तब्ध और दुखी है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों और लापता लोगों के परिवारों के साथ हैं।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने बताया कि विदेश मंत्री नेपाल सरकार और क्षेत्र में मौजूद ब्रिटिश नागरिकों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने संकट के दौरान ब्रिटेन की ओर से सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।

बर्नहैम ने आपदा को जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे से जोड़ते हुए कहा कि यह जलवायु संकट का एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ने भी इस वर्ष संभवतः अब तक की सबसे गर्म गर्मियों में से एक का अनुभव किया है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। बर्नहैम ने यह भी पुष्टि की कि वह नवंबर में तुर्किये में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन सीओपी-31 में हिस्सा लेंगे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags