
हैदराबाद, 01 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी में मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद तनाव फैल गया, जिसके चलते पुलिस को कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं ने यादाद्री भुवनगिरी विधायक के. अनिल कुमार रेड्डी के कैंप कार्यालय पर कथित तौर पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने फर्नीचर में तोड़फोड़ की और कैंप कार्यालय के बोर्ड पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और स्थानीय विधायक की तस्वीरों पर काला रंग पोत दिया।
इसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय पर हमला कर दिया। उन्होंने कार्यालय पर पथराव किया और कथित तौर पर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। जैसे ही दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में भिड़े, पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
कुछ समय बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हैदराबाद के नामपल्ली स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पर कांग्रेस नेताओं द्वारा काला रंग पोते जाने के विरोध में कांग्रेस विधायक के कैंप कार्यालय पर यह हमला किया था।
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को नजरबंद कर दिया गया और उन्हें यादाद्री भुवनगिरी जाने व पार्टी नेताओं से मिलने से रोक दिया गया था। जब रामचंद्र राव ने बाहर जाने की कोशिश की तो उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए राव ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। राव ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर दो बार कांग्रेस सरकार ने मुझे नजरबंद किया है। पहला, प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने से रोकने के लिए और अब, नलगोंडा जिला अध्यक्ष से मिलने से रोकने के लिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आप सोचते हैं कि बार-बार नजरबंद करके मुझे चुप कराया जा सकता है, तो यह आपकी भूल है। आप कभी सफल नहीं हो सकते।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राव से फोन पर बात की और घटनाओं की जानकारी ली। उन्होंने गिरफ्तार किए गए नेताओं का ब्योरा भी मांगा। माना जा रहा है कि उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने को कहा है।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंदी संजय कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव को नजरबंद किए जाने की घटना की निंदा की। नेताओं ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों की धज्जियां उड़ा रही हैं। विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj