रूसी संघ के राजदूत डेनिस अलीपोव ने की नितिन नवीन से मुलाकात

युगवार्ता    01-Sep-2026
Total Views |
रूस


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। भारत में रूसी संघ के राजदूत डेनिस अलीपोव ने मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।

बैठक के दौरान भारत-रूस के दीर्घकालिक और समय की कसौटी पर खरे उतरे संबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई। नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मजबूत व्यक्तिगत समझ और विश्वास को रेखांकित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच नियमित उच्चस्तरीय संवाद ने द्विपक्षीय संबंधों को निरंतर गति प्रदान की है। उन्होंने राजदूत अलीपोव के भारत के साथ लंबे जुड़ाव तथा दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की भी सराहना की।

हाल ही में एससीओ शिखर सम्मेलन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई मुलाकात पर भी चर्चा हुई।

नवीन ने भारत-रूस संबंधों के निरंतर सुदृढ़ होने की उम्मीद व्यक्त की और आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सहित भविष्य में होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों को लेकर आशा जताई।

दोनों पक्षों ने भारत-रूस संबंधों के स्थायी आधार के रूप में जन संबंधों के महत्व पर जोर दिया। राजदूत अलीपोव ने रूस में कुशल भारतीय पेशेवरों के योगदान की बढ़ती संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

नवीन ने भाजपा की संगठनात्मक यात्रा, जमीनी संरचना और कार्यप्रणाली का भी विस्तृत परिचय दिया। उन्होंने पार्टी के व्यापक सदस्य एवं कार्यकर्ता नेटवर्क, विभिन्न मोर्चों और विभागों, हाल ही में गठित राष्ट्रीय टीम तथा चुनावों से इतर निरंतर संगठनात्मक गतिविधियों पर भाजपा के विशेष जोर के बारे में बताया।

राजदूत अलीपोव ने असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की हालिया चुनावी सफलताओं के लिए नवीन और भाजपा को बधाई दी। उन्होंने भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और मजबूत जमीनी उपस्थिति की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की भी प्रशंसा की और इसे देशभर के लोगों के साथ सीधे एवं नियमित संवाद बनाए रखने की एक अनूठी पहल बताया।

दोनों पक्षों ने वर्ष 2027 में भारत-रूस के राजनयिक संबंधों के 80 वर्ष पूरे होने को एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अवसर द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने, विशेष रूप से सांस्कृतिक, शैक्षणिक तथा जन-से-जन संबंधों को मजबूत बनाने के नए अवसर प्रदान करेगा।

बैठक में भाजपा के विदेश विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags