ढाका, 10 सितंबर (हि.स.)। बांग्लादेश में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच झेनाइदह जिले के हरिणाकुंडु उपजिला में अवामी लीग के एक नेता की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, 48 वर्षीय मोनायेम हुसैन पर बुधवार रात मोयनखाली बाजार इलाके से घर लौटते समय धारदार हथियारों से हमला किया गया।
गंभीर रूप से घायल हुसैन को इलाज के लिए कुश्तिया जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटे बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, हमले में उनका एक हाथ लगभग कट गया था और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव थे।
मृतक की पत्नी शिल्पी खातून ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि इस घटना से उनका परिवार तबाह हो गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हमले के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इस घटना के बीच ढाका स्थित मानवाधिकार संगठन मानवाधिकार संस्कृति फाउंडेशन (एमएसएफ) ने अगस्त में देश की मानवाधिकार स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है। संगठन की मासिक समीक्षा के मुताबिक, अगस्त में राजनीतिक हिंसा में घायल लोगों की संख्या 267 रही, जबकि जुलाई में यह आंकड़ा 95 था। यानी इसमें 181 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
रिपोर्ट में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा से जुड़ी मौतों में भी जुलाई की तुलना में 75 प्रतिशत वृद्धि का दावा किया गया है। संगठन ने अगस्त में 71 अज्ञात शव बरामद किए जाने की बात कही, जबकि जुलाई में ऐसे 56 मामले सामने आए थे।
एमएसएफ ने सरकार से कानून-व्यवस्था मजबूत करने, राजनीतिक हिंसा और भीड़ के जरिए न्याय करने की प्रवृत्ति रोकने तथा गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने की अपील की है। संगठन ने पत्रकारों, अल्पसंख्यकों और हाशिए के समुदायों की सुरक्षा पर भी जोर दिया है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय