
नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में लगातार तेजी का रुख बना हुआ है। आज 12 मई के बाद पहली बार ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर के स्तर को पार कर 105.83 डॉलर प्रति बैरल के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी आज 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर 100.88 डॉलर प्रति बैरल के ऊपरी स्तर पर पहुंच कर कारोबार करता नजर आया।
दरअसल, अमेरिका और ईरान द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ सख्त कदम उठाने की चेतावनी देने के कारण पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है। इस तनाव की वजह से खाड़ी के देशों से होने वाली कच्चे तेल की सप्लाई लगभग ठप हो गई है। इसका असर कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी के रूप में सामने आया है। इस सप्ताह के पहले चार दिन में ही कच्चे तेल की कीमत में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई है।
पिछले सप्ताह के आखिरी दिन 5 सितंबर को ब्रेंट क्रूड 96.10 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर था। रविवार की छुट्टी के बाद 7 सितंबर यानी सोमवार से लेकर आज तक की ट्रेडिंग में इसकी कीमत में 9.73 डॉलर प्रति बैरल यानी 10.12 प्रतिशत की तेजी आ गई है। इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी 92.09 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से 8.79 डॉलर प्रति बैरल यानी 9.55 प्रतिशत महंगा हो गया है।
ब्रेंट क्रूड ने आज 0.64 डॉलर की उछाल के साथ 101.85 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। ट्रेडिंग शुरू होने के बाद ये कुछ देर के लिए फिसल कर 100.26 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक भी आया लेकिन थोड़ी देर बाद इसकी चाल में तेजी आ गई। कीमत मे आई इस तेजी के कारण ब्रेंट क्रूड ने देखते ही देखते 105 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को भी पार कर 105.83 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। भारतीय समय के मुताबिक शाम 07 बजे ब्रेंट क्रूड 4.06 डॉलर प्रति बैरल यानी 4.01 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.27 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड ने आज 0.95 डॉलर प्रति बैरल उछल कर 97 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। ओपनिंग के तुरंत बाद ये गिर कर थोड़ी देर के लिए 95.37 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया लेकिन इसके बाद इसकी चाल में तेजी आ गई। कुछ देर में ही यह उछल कर 100.88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि बाद में इसके भाव में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। भारतीय समय के अनुसार शाम 07 बजे डब्ल्यूटीआई क्रूड 4.06 डॉलर प्रति बैरल यानी 4.22 प्रतिशत की उछाल के साथ 100.11 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक