मप्र के इंदौर में स्वाइन फ्लू से एक माह में दूसरी मौत, महिला ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

युगवार्ता    10-Sep-2026
Total Views |
स्वाइन फ्लू (प्रतीकात्मक)


इंदौर, 10 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) पॉजिटिव महिला की मौत हो गई। वह एक सरकारी डॉक्टर की पत्नी थी। इससे पहले भी यहां एक महिला की स्वाइन फ्लू के कारण मौत हो चुकी है। इंदौर में यह एक माह में दूसरी मौत हुई है।

गुरुवार को जिस महिला की मौत हुई, वह शाजापुर की रहनी वाली थी और इलाज के लिए दस दिन से इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थी। पहले उसे सर्दी-जुकाम की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे सांस संबंधी समस्याएं होने लगीं। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे थे। गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। स्वाइन फ्लू के अलावा वह कोविड से भी संक्रमित थी।

नजदीकी लोगों के मुताबिक महिला में 28 अगस्त से बुखार, खांसी और सर्दी के लक्षण शुरू हुए थे। महिला की एच1एन1 जांच एक सितंबर को पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें इंदौर में इलाज के लिए एडमिट कराया गया। वहीं, 2 सितंबर की रिपोर्ट में इन्फ्लुएंजा के साथ कोविड-19 भी पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी गई है।

महिला शाजापुर के आदित्य नगर की रहने वाली बताई गई हैं। मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई है। इसके पूर्व उज्जैन के ऋषि नगर निवासी 60 वर्षीय सरोज नागर की करीब दो हफ्ते पहले इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में स्वाइन फ्लू से मौत हो गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags