वियतनाम ओपन: तन्वी शर्मा क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, प्रणय भी अंतिम 8 में

युगवार्ता    10-Sep-2026
Total Views |
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा


हो ची मिन्ह सिटी, 10 सितंबर (हि.स.)। शीर्ष वरीय तन्वी शर्मा ने गुरुवार को थाईलैंड की पासा-ओर्न फन्नाचेट को हराकर वियतनाम ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। तन्वी ने अंतिम-16 मुकाबले में फन्नाचेट को 26-24, 21-12 से हराया।

विश्व की 27वें नंबर की खिलाड़ी तन्वी को पहले गेम में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। दोनों खिलाड़ियों के बीच पूरे गेम में कांटे की टक्कर रही और कोई भी निर्णायक बढ़त नहीं बना सका। तन्वी ने अंतिम क्षणों में धैर्य बनाए रखते हुए 20 मिनट में गेम 26-24 से अपने नाम किया।

दूसरे गेम में तन्वी ने शानदार शुरुआत करते हुए 5-0 की बढ़त बना ली। मध्यांतर तक उन्होंने 11-4 की बढ़त हासिल कर ली थी। ब्रेक के बाद भी उन्होंने मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और 21-12 से गेम जीतकर 36 मिनट में मैच अपने नाम कर लिया।

क्वार्टर फाइनल में तन्वी का सामना हमवतन मालविका बंसोड़ से होगा। मालविका ने अंतिम-16 में थाईलैंड की तिदाप्रोन क्लीबयीसुन को 21-19, 21-14 से हराया। तन्वी ने शुरुआती दौर में कनाडा की रेचल चैन को 21-16, 21-17 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई थी।

तन्वी इस सत्र का दूसरा खिताब जीतने की कोशिश में हैं। उन्होंने जुलाई के अंत में ताइपे ओपन का खिताब जीता था और इसके बाद कोरिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं। इस महीने की शुरुआत में शेनझेन में चीन मास्टर्स सुपर 750 में उन्हें अंतिम-16 में जापान की तोमोका मियाजाकी के हाथों 17-21, 21-18, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा था।

प्रणय ने तीन गेम में दर्ज की जीत

पुरुष एकल के अंतिम-16 मुकाबले में तीसरी वरीय एचएस प्रणय ने चीनी ताइपे के झे यिंग वू को 21-15, 13-21, 21-14 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। प्रणय ने 56 मिनट तक चले मुकाबले में जीत दर्ज की।

क्वार्टर फाइनल में प्रणय का सामना हमवतन संस्कार सरस्वत से होगा। संस्कार ने छठी वरीय किरण जॉर्ज को 21-12, 10-21, 21-18 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।

प्रणय ने पहले गेम में 5-5 की बराबरी के बाद लगातार सात अंक हासिल करते हुए 12-5 की बढ़त बना ली और आसानी से गेम अपने नाम किया। हालांकि झे यिंग वू ने दूसरे गेम में वापसी करते हुए उसे आसानी से जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। तीसरे गेम में प्रणय ने कड़ा मुकाबला होने के बावजूद तीन से चार अंकों की बढ़त बनाए रखी और अंत में वू की चुनौती समाप्त करते हुए मैच जीत लिया।

एकल वर्ग में जीत दर्ज करने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों में ईशारानी बरुआ और संतोष रामराज भी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags