(लीड) मोदी-पुतिन बैठक: द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा व वैश्विक राजनीतिक मुद्दों पर की चर्चा

युगवार्ता    11-Sep-2026
Total Views |
Prime Minister Narendra Modi meets with Russian President Vladimir Putin on the sidelines of 18th BRICS Summit in New Delhi


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन से द्विपक्षीय मुलाकात की जिसमें दोनों पक्षों ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल विकास आदि क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की और वैश्विक एवं भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जिसमें यूक्रेन युद्ध, काला सागर क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हमले एवं भारतीय नाविकों की सुरक्षा के मुद्दे भी शामिल थे।

पुतिन भारत की अध्यक्षता में कल से शुरू हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज तड़के यहां पहुंचे हैं और वह तीन दिन की यात्रा पर आये हैं।

भारत मंडपम में अपराहृन करीब साढ़े तीन बजे हुई इस मुलाकात के बारे में विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक में दोनों नेताओं ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल गतिशीलता और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रूस की अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी इनोप्रोम इंडिया का स्वागत किया, जो पहली बार भारत में 9-11 सितंबर 2026 को आयोजित की गई और व्यापार तथा औद्योगिक संबंधों को और बढ़ाने में इसके महत्व पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने इनोप्रोम इंडिया प्रदर्शनी का दौरा भी किया और प्रतिभागियों से बातचीत की।

विदेश मंत्रालय के अनुसार नेताओं ने बहुपक्षीय क्षेत्र में भारत-रूस जुड़ाव, विशेष रूप से 2026 में भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स के संदर्भ में, विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने आपसी हित के प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दृष्टिकोण साझा किए, जिनमें पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में संघर्ष शामिल हैं, जिनका समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर असर पड़ा है। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि बातचीत और कूटनीति ही संघर्षों को सुलझाने का सही तरीका है और भारत शांति प्रयासों में सहायता के लिए तैयार है।

दोनों नेता दोनों देशों के बीच 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझीदारी' को और मजबूत करने के प्रयासों काे आगे बढ़ाते रहने पर सहमत हुए और उन्होंने माना कि इस साझीदारी में लगातार महत्वपूर्ण वृद्धि हो रही है और इसने भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद मजबूती दिखाई है।

प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की इस साल यह दूसरी मुलाकात थी। दोनों नेता इससे पहले 31 अगस्त 2026 को बिश्केक में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया। शिखर सम्मेलन की तारीखें राजनयिक माध्यमों से आपसी सुविधा के अनुसार तय की जाएंगी।

बैठक में प्रधानमंत्री माेदी ने राष्ट्रपति पुतिन को 'तिरुक्कुरल' का रूसी अनुवाद भेंट किया, जो महान तमिल कवि तिरुवल्लुवर की शाश्वत शिक्षाओं पर आधारित है और इसका अनेक भाषाओं में अनुवाद उनकी शिक्षाओं को भाषाओं और सीमाओं के पार पहुंचाता है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Tags