जर्किहोली परिवार पर ईडी की कार्रवाई: 21 ठिकानों पर छापेमारी में 3.3 करोड़ की नकदी बरामद

युगवार्ता    11-Sep-2026
Total Views |
ईडी की छापेमारी के दौरान कर्नाटक के लोक निर्माण मंत्री सतीश जर्किहोली और उनके करीबियों से जुड़े परिसरों से बरामद नकदी


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून के तहत कर्नाटक के लोक निर्माण मंत्री सतीश जर्किहोली और उनके करीबियों से जुड़े 21 ठिकानों पर छापेमारी की। 9 और 10 सितंबर को बेंगलुरु, बेलगावी, गोकाक और कोलकाता में की गई इस कार्रवाई में 3.3 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा और करीब 15 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद हुई। ईडी के अनुसार जांच में जर्किहोली परिवार के कई सदस्यों के विदेशी कंपनियों में हिस्सेदारी रखने, अफ्रीका में खनन परिसंपत्तियों से जुड़े निवेश और लोक निर्माण विभाग में ठेकों से संबंधित कथित रिश्वत के साक्ष्य सामने आए हैं।

ईडी के बेंगलुरु जोनल कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार छापेमारी का उद्देश्य जर्किहोली परिवार के कथित अघोषित विदेशी निवेश, सीमा पार कारोबारी संबंधों और संदिग्ध वित्तीय अनियमितताओं की जांच करना है। कार्रवाई के दायरे में चिक्कोडी की सांसद और सतीश जर्किहोली की बेटी प्रियंका जर्किहोली, उनके बेटे राहुल जर्किहोली तथा सतीश जर्किहोली के बहनोई वाईडी मंजुनाथ से जुड़े ठिकाने भी शामिल रहे।

ईडी ने सतीश जर्किहोली के करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की। इनमें उनके विशेष कार्याधिकारी और निजी सहायक मालागौड़ा पाटिल, राजू दरागशेट्टी, विट्ठल प्रसन्नावर और डॉ. गिरीश सोनवलकर से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई।

जांच एजेंसी के अनुसार, तलाशी के दौरान जर्किहोली परिवार के सदस्यों के कई विदेशी कारोबारों में हिस्सेदारी से संबंधित दस्तावेज सामने आए। इनमें कांगो स्थित एल्डोराडो माइनिंग रिसोर्सेज और जाम्बिया स्थित नावा ऑरम माइनिंग लिमिटेड समेत अन्य विदेशी कंपनियां शामिल हैं। ईडी के मुताबिक, सतीश जर्किहोली की कांगो की सोने की खनन कंपनी मैग्नीट्यूड स्टार एसएआरएल में करीब 40 फीसदी हिस्सेदारी होने की जानकारी भी सामने आई है।

ईडी ने बताया कि अफ्रीका में खनन परिसंपत्तियों वाली अन्य विदेशी कंपनियों से संबंधित दस्तावेज भी तलाशी के दौरान मिले और जब्त किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान सतीश जर्किहोली के गोकाक और बेंगलुरु के डॉलर्स कॉलोनी स्थित आवास तथा बेंगलुरु के क्रिसेंट रोड स्थित कार्यालय सह आवास समेत गोकाक और बेलगावी के अन्य परिसरों को भी जांच के दायरे में लिया गया।

ईडी के अनुसार, तलाशी के दौरान 3.3 करोड़ रुपये की बेहिसाब भारतीय मुद्रा के अलावा करीब 15 लाख रुपये मूल्य की अमेरिकी डॉलर और यूरो समेत विदेशी मुद्रा बरामद की गई। जांच एजेंसी को कांगो की एक इकाई में अनधिकृत माध्यम से बड़ी मात्रा में नकद निवेश और खर्च किए जाने से संबंधित साक्ष्य भी मिले हैं।

छापेमारी में लोक निर्माण विभाग में कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी मिले हैं। ईडी ने कहा कि निजी कंपनी भारत वाणिज्य ईस्टर्न प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली गई। एजेंसी को आरोपों की जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे संकेत मिलता है कि कंपनी ने लोक निर्माण विभाग से ठेका हासिल करने के लिए कथित तौर पर बड़ी रकम रिश्वत के रूप में दी थी और इस धन का इस्तेमाल कथित तौर पर विदेशी परिसंपत्तियां हासिल करने में किया गया।

ईडी ने भारत वाणिज्य ईस्टर्न प्राइवेट लिमिटेड के मालिकों के कार्यालय और आवासों की भी तलाशी ली। जांच एजेंसी के अनुसार, तलाशी में ठेकेदारों से कथित रिश्वत की रकम एकत्र किए जाने से संबंधित सामग्री विभिन्न प्रभावशाली व्यक्तियों की इकाइयों और खातों से जुड़ी मिली है। इनमें वाईडी मंजुनाथ द्वारा नियंत्रित और संचालित इकाई के खाते भी शामिल हैं।

ईडी ने कहा कि तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags