पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर आज बैंक हड़ताल

युगवार्ता    11-Sep-2026
Total Views |

कोलकाता, 11 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर देशभर में बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। बैंकिंग क्षेत्र के यूनियनों की ओर से सरकार पर पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन के उपाध्यक्ष सुभ्रज्योति चटर्जी ने कहा कि शुक्रवार की बैंक हड़ताल का मुख्य मुद्दा पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। उन्होंने बताया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने इस मुद्दे को लेकर पहले ही 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा कर रखी है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से इस मुद्दे का समाधान नहीं किया गया तो 26 अक्टूबर से लगातार हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। उनके अनुसार बैंक यूनियनों की कई अन्य मांगें भी हैं, लेकिन इस समय पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना सबसे प्रमुख मांग है।

सुभ्रज्योति चटर्जी ने दावा किया कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के प्रस्ताव को सरकार पहले ही स्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि 2024 में हुए द्विपक्षीय समझौते और बैंकिंग उद्योग के वेतन संशोधन समझौते के दौरान पांच दिवसीय बैंकिंग को लेकर सहमति बनी थी। इसके बावजूद अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया है।

बैंक अधिकारियों का कहना है कि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से बैंक कर्मचारियों को शनिवार और रविवार को अवकाश मिलेगा। यूनियनों का तर्क है कि इससे कर्मचारियों के कार्य-जीवन संतुलन में सुधार होगा, जबकि ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग और अन्य ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से लगातार बैंकिंग सुविधाएं मिलती रहेंगी।

बैंक यूनियनों ने सरकार से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पर सकारात्मक फैसला नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Tags